बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर IT की रेड, अब तक 10 करोड़ कैश बरामद

Spread the love & Share it

Lucknow News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई में करीब 10 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गुरुवार को गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित उनके आवास पर तलाशी की कार्रवाई पूरी हो गई, जबकि अन्य ठिकानों पर जांच अभी जारी है।

आयकर विभाग ने बुधवार को एक साथ लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीम सुबह से देर रात तक जांच में जुटी रही। छापेमारी में टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

कंपनी और करीबियों के ठिकाने भी खंगाले

आयकर विभाग की टीमों ने विधायक के गोमतीनगर स्थित आवास, उनकी कंपनी छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन के कॉरपोरेट ऑफिस और करीबी ठेकेदार के ठिकानों पर विशेष तलाशी ली। इसके अलावा सोनभद्र में खनन कारोबार से जुड़े उनके सहयोगियों के यहां भी जांच जारी है।

खनन घोटाले से जुड़ा है मामला

उमाशंकर सिंह सड़क निर्माण और खनन से जुड़े कारोबार संचालित करते हैं। बीते वर्ष सीएजी की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का खुलासा हुआ था। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की है।

बराती बनकर पहुंचे आयकर अधिकारी

बलिया स्थित विधायक के आवास पर छापा मारने के लिए आयकर अधिकारियों ने अनोखी रणनीति अपनाई। अधिकारी बरातियों के वेश में शादी के स्टिकर लगे वाहनों से पहुंचे, जिससे किसी को शक नहीं हुआ और टीम ने सीधे कार्रवाई शुरू कर दी।

कई अधिकारियों पर भी शक

छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों में खनन से जुड़े लेनदेन और कुछ अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। आयकर विभाग को शक है कि अवैध कमाई को खनन कारोबार में निवेश किया गया है। फिलहाल जांच जारी है।

ALSO READ – दिल्ली में फर्जी ED रेड का खेल, नौकरानी निकली मास्टरमाइंड, लाखों की लूट


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *