चंदौली में रिंग रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग: लेनदेन विवाद में 4 युवकों को मारी गोली, एक की हालत नाजुक

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना रिंग रोड पर सहजौर-छेमिया गांव के पास रात करीब नौ बजे की है। फायरिंग में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन युवकों के हाथ-पैर में गोली लगी है, जबकि एक युवक के पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार सहजौर निवासी सूर्यप्रकाश सिंह उर्फ चुत्रू सिंह का रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में पुरवा गांव निवासी 26 वर्षीय गोलू यादव से उसकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि गोलू अपने मामा के यहां रह रहा था।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पिस्टल निकालकर गोलू यादव पर गोली चला दी। बीच-बचाव के लिए आए कृष्ण यादव, सोनू यादव और अक्षय यादव को भी आरोपी ने निशाना बना लिया। गोलू यादव के पेट में गोली लगने से उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य तीन घायलों के हाथ-पैर में गोली लगी है। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी), अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रात में हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – 1 मार्च से बदल जाएंगे नियम: LPG से UPI, रेलवे ऐप से बैंकिंग तक आपकी जेब पर सीधा असर


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *