चंदौली में पुलिया की हालत खराब, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में नहरों पर बनी कई पुलिया जर्जर हालत में पहुंच चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों, किसानों और राहगीरों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है। कई पुलिया ऐसी हैं जिनकी रेलिंग टूट चुकी है, तो कहीं स्लैब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जिले में करीब 15 पुलिया रेलिंग विहीन हैं, जिनसे रोजाना लगभग एक लाख लोग गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

जिले में जर्जर पुलिया के कारण पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। 16 दिसंबर 2021 को बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। इस हादसे में मिर्जापुर के चार युवकों की डूबने से मौत हो गई थी, जिनमें तीन सगे भाई थे।

इसके अलावा 31 अक्टूबर 2022 को छठ पूजा के दौरान सरैया गांव के पास राइट कर्मनाशा नहर पर बनी पुलिया का स्लैब अधिक भार के कारण टूट गया था। उस समय पुल पर खड़े कई लोग नहर में गिर गए थे। हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई लोग घायल हो गए थे।

टांडाकला क्षेत्र में रेलिंग टूटने से खतरा

टांडाकला क्षेत्र के महुवरकला गांव के पास नहर पर बनी पुलिया की ईंट की रेलिंग कई दिन पहले टूटकर गिर चुकी है। यह पुलिया टांडाकला को हरधन, बलुआ और चहनिया बाजार से जोड़ती है। इस मार्ग से रोजाना सवारी वाहन और दर्जनों गांवों के लोग बाजार, पढ़ाई और अन्य कामों के लिए आते-जाते हैं। ग्रामीण संजय यादव और दिनेश यादव सहित कई लोगों ने पुलिया की मरम्मत और नई रेलिंग लगाने की मांग की है।

अधिकारियों का क्या कहना है

अवर अभियंता संजय यादव ने बताया कि इस समय एसआईआर कार्य के कारण व्यस्तता है, लेकिन जल्द ही पुलिया की मरम्मत कराई जाएगी।

वहीं चंद्रप्रभा प्रखंड के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार के अनुसार घोसवा, फेसुड़ा और खुरहट पुलिया की मरम्मत के लिए टेंडर हो चुका है। फिलहाल नहरों में सिंचाई के लिए पानी चल रहा है। पानी खत्म होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

संपर्क मार्गों की पुलिया भी खराब
धीना क्षेत्र में बरहनी और धानापुर विकासखंड के कई गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर बनी पुलिया भी खराब हालत में हैं। नूरी ग्राम पंचायत के बहोरा स्टेशन के पास नहर पर बनी पुलिया, जलालपुर गांव जाने वाली पुलिया और तम्मागढ़ माइनर पर बनी पुलिया की रेलिंग पूरी तरह गायब हो चुकी है।

इसके अलावा डिग्धी गांव के पास नहर की पुलिया, घुसावा माइनर पर धीना और कपासिया गांव के पास बनी पुलिया तथा गोपालपुर के पास चिलबिली मार्ग की पुलिया भी क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

ALSO READ – ईरान ने माना गलती, पड़ोसी देशों से मांगी माफी- अमेरिका को भी दिया कड़ा जवाब


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *