
UP Police SI Exam: चंदौली में 11 केंद्रों पर दारोगा भर्ती परीक्षा, 4224 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, स्टेशन पर बढ़ाई गई सुरक्षाउत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों के लिए होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार और रविवार को चंदौली जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 4224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक, कक्ष निरीक्षक और सहयोगी कक्ष निरीक्षक की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे।
इसके अलावा 30 कक्ष निरीक्षकों को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर तैनात किया जाएगा। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रहेंगी।
परीक्षा में नकल की किसी भी संभावना को रोकने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया है। इससे परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इन केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
जिले के जिन 11 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी उनमें अशोक इंटर कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, सैयदराजा जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज चंदौली, लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज नियामताबाद, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली, नगर पालिका इंटर कॉलेज (अ) पीडीडीयू नगर, नगर पालिका इंटर कॉलेज (ब) पीडीडीयू नगर, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा, पं. कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंदौली, सकलडीहा इंटर कॉलेज सकलडीहा और सकलडीहा पीजी कॉलेज शामिल हैं।
पीडीडीयू जंक्शन पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम
दारोगा भर्ती परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के ट्रेनों के जरिए पीडीडीयू नगर पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि एक दिन में करीब 2200 परीक्षार्थी परीक्षा देने आएंगे। अभिभावकों को मिलाकर यह संख्या लगभग 5000 तक पहुंच सकती है, जिससे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ होने की आशंका है।
इस स्थिति को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
जीआरपी पीडीडीयू के निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर जीआरपी की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
ALSO READ – मिडिल ईस्ट तनाव के बीच Trump का बड़ा दावा, बोले– ईरान सरेंडर कभी भी कर सकता है सरेंडर
