
Chandauli News: धानापुर स्थित महामाया राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रस्तावित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया में उलझकर रह गया है। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के लिए कार्यदायी संस्था को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि पूर्वांचल के अन्य जिलों में इस परियोजना का काम शुरू हो चुका है, जबकि धानापुर में यह योजना अभी कागजी प्रक्रिया से आगे नहीं बढ़ पाई है।
जनवरी से कई बार हुई टेंडर प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार इस परियोजना के निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए जनवरी से अब तक कई बार टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब एक बार फिर इसी महीने टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने की नई तिथि तय की गई है।
प्रशासनिक स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
तकनीकी कौशल बढ़ाने के लिए बनेगा आधुनिक केंद्र
‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना का उद्देश्य पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करना है। इसके तहत छात्रों को पारंपरिक कोर्स और ट्रेड की पढ़ाई के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह परियोजना प्राविधिक शिक्षा विभाग और Tata Technologies Limited के सहयोग से लागू की जा रही है। पहले चरण में चंदौली सहित पूर्वांचल के 45 पॉलीटेक्निक कॉलेजों का चयन किया गया है।
छात्रों को मिलेंगे आधुनिक प्रशिक्षण के अवसर
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होने के बाद यहां छात्रों को एडवांस्ड सॉफ्टवेयर, आधुनिक हार्डवेयर और मशीनों के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा इंडस्ट्री ड्रिवेन करिकुलम, इंडस्ट्री सिमुलेटेड इनवायरमेंट और इनोवेटिव इकोसिस्टम के माध्यम से उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य ए.के. सिंह ने बताया कि फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है। इसके पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जांच के दिए निर्देश
इस बीच चंदौली के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण में हो रही देरी की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल सके।
ALSO READ – बिहार जा रही थी नशे की खेप! चंदौली में ट्रेलर से 183 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
