बुलडोजर पर दिमाग नहीं होता, ड्राइवर बदल जाएगा… 2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा

Spread the love & Share it

UP Election 2027

UP Election 2027 : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में प्रदेश की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा। बुलडोजर की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बुलडोजर पर दिमाग नहीं होता, बस उसका ड्राइवर बदल जाएगा और जनता बदलाव देखेगी।

मुंबई में आयोजित समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी मजबूती से मैदान में उतरेगी और जनता बदलाव का फैसला करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

मायावती को लेकर नरम रुख

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे दलितों और पिछड़ों का हमेशा सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सम्मान हमेशा बना रहना चाहिए। पिछली बार गठबंधन टूटने के लिए उन्होंने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।

पांच राज्यों के चुनाव में INDIA गठबंधन को समर्थन

अखिलेश यादव ने बताया कि आगामी पांच राज्यों के चुनाव में उनकी पार्टी INDIA गठबंधन को समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि असम में उनकी पार्टी ने एक सीट की मांग की है। अगर वह सीट नहीं भी मिलती है तो भी समाजवादी पार्टी गठबंधन का समर्थन जारी रखेगी।

LPG संकट और SIR मुद्दे पर सरकार पर हमला

एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में कई बार ऑनलाइन गैस बुकिंग करने पर तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं। वहीं SIR के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले NRC जैसे मुद्दे लेकर आई थी और अब नए तरीके से राजनीति कर रही है।

SI भर्ती विवाद और पेपर लीक पर सवाल

यूपी पुलिस SI भर्ती परीक्षा में उठे विवाद पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा पेपर तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं और पेपर लीक होना इस सरकार के समय की बड़ी समस्या बन चुका है।

निवेश और एमओयू पर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने राज्य सरकार की निवेश नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के करीब आते ही सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं और एमओयू कर रही है, लेकिन इन समझौतों का वास्तविक असर जमीन पर कितना होता है, यह देखने वाली बात है।

अपने कार्यकाल के कामों का किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान प्रदेश में ग्रीन बेल्ट का विस्तार, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, छात्रों को लैपटॉप वितरण और फिल्म नीति जैसे कई फैसले किए गए थे, जिनसे विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला।

ALSO READ – क्या पंडित अवसरवादी हैं? UP पुलिस परीक्षा के सवाल पर अजय राय का BJP पर निशाना


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *