
Chandauli News: चंदौली में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सकलडीहा और इलिया थाना क्षेत्रों में बार-बार विवाद करने वाले पक्षों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने संबंधित लोगों को लाखों रुपये के निजी बंधपत्र पर एक वर्ष के लिए पाबंद किया है।
सकलडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापुर में भूमि विवाद को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी और थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद की जांच में पाया गया कि दोनों पक्षों के बीच अक्सर मारपीट और विवाद की स्थिति बनती रहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी सकलडीहा ने धारा 136 बीएनएसएस के तहत आदेश जारी करते हुए दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को एक वर्ष के लिए पाबंद कर दिया। प्रत्येक व्यक्ति को 5-5 लाख रुपये का निजी बंधपत्र और समान धनराशि की दो जमानतें देने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, इलिया थाना क्षेत्र के सावरसोत गांव में पेट्रोल पंप के संचालन और आय के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया। बार-बार चेतावनी के बावजूद शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। उप जिलाधिकारी चकिया ने सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों को एक-एक लाख रुपये के मुचलके पर एक वर्ष के लिए पाबंद कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पाबंदी की अवधि के दौरान यदि किसी भी पक्ष द्वारा शांति भंग करने का प्रयास किया गया, तो बंधपत्र की राशि जब्त कर ली जाएगी और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस टीमों द्वारा गांवों में पुराने विवादों की पहचान कर निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
ALSO READ – IT Stocks में बड़ी गिरावट! इंफोसिस-TCS समेत दिग्गज शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर, जानिए इसके पीछे की वजह
