
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित आरके चौधरी की आरएस टू फैक्टरी में गुरुवार रात अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय अंदर काम कर रहे श्रमिकों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही मुगलसराय फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फैक्टरी में लगे अग्निशमन यंत्रों का भी उपयोग किया गया, वहीं कर्मचारी भी पानी और उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुटी रही।
इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्टरी में रखे कच्चे माल, तैयार माल और मशीनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का सही आंकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।
ALSO READ – चंदौली में महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी: ड्यूटी के दौरान सिपाही ने की शर्मनाक हरकत
