
Chandauli News: बनौली खुर्द गांव में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का स्लैब गिरने के मामले में जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। शुक्रवार को संयुक्त प्रबंध निदेशक (मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी) मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने मौके का निरीक्षण कर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की।
जांच में सेतु निगम के अधिकारियों को राहत देते हुए क्लीन चिट दे दी गई है, जबकि हादसे के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया गया है। संबंधित निर्माण फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों के अनुसार, 18 मार्च को एबटमेंट A-2 और पियर P-6 के बीच डेक स्लैब की कंक्रीटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान हाइड्रा मशीन का बूम स्टेजिंग से टकरा गया, जिससे स्टेजिंग और स्लैब दोनों क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गए।
बताया गया कि अधिकांश कार्य पूरा हो चुका था और मजदूर नीचे उतर चुके थे। हालांकि शेष कार्य पूरा करने के दौरान मशीन को नजदीक लाया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
जांच में क्या निकला?
जांच टीम के साथ मौजूद डिजाइन इंजीनियरों ने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री और डिजाइन में कोई कमी नहीं पाई गई है। हादसे की मुख्य वजह साइट पर ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही रही।
ठेकेदार पर कार्रवाई तय
इस परियोजना का कार्य ईपीसी मोड पर मेसर्स श्रेष्ठाभिषेक बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद संबंधित फर्म को काली सूची में डालने की सिफारिश की गई है।
शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
ALSO READ – कौन हैं कांग्रेस के वो 3 मुस्लिम विधायक? जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में BJP के पक्ष में कर दी क्रॉस वोटिंग
