
Varanasi News: लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया, जब खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से पूरा मकान ढह गया। इस दर्दनाक घटना में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि मां और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाका इतना जोरदार कि मकान हुआ जमींदोज
सुबह करीब 7:30 बजे हुए इस धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दो की मौत, दो घायल
हादसे में ओम कुमार चौधरी (31) और प्रीति उर्फ लक्ष्मी (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मां गिरिजा देवी (60) और बड़ा बेटा अमन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, NDRF मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से लीकेज हुआ और पाइप में आग लग गई। कुछ ही सेकंड में तेज धमाका हुआ और पुराना जर्जर मकान भरभराकर गिर गया।
पुराना मकान बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि करीब 50 साल पुराना यह मकान जर्जर हालत में था। हादसे के समय परिवार उसी हिस्से में मौजूद था, जहां संरचना कमजोर थी।
जांच में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंचे अधिकारियों के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने गैस चूल्हे को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
ALSO READ – जल जीवन मिशन में लापरवाही पर गिरी गाज! एक्सईएन निलंबित
