
Fake IAS Gorakhpur Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताकर शादी रचाई और लड़की पक्ष से लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
आरोपी की पहचान प्रीतम निषाद उर्फ अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जिसे 24 मार्च को जालौन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, प्रीतम ने कभी UPSC (संघ लोक सेवा आयोग) की परीक्षा नहीं दी, लेकिन खुद को मणिपुर कैडर का IAS अधिकारी बताकर लोगों को धोखा देता था।
दहेज नहीं लेने का झांसा, फिर ठगे 15 लाख
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें ‘निषाद विवाह ग्रुप’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप से प्रीतम का बायोडाटा मिला था। बातचीत के दौरान प्रीतम ने खुद को IAS अधिकारी बताते हुए बिना दहेज शादी करने की बात कही, लेकिन बाद में खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये ले लिए।
शिकायत के अनुसार, लड़की पक्ष ने सगाई के दिन 10 लाख रुपये और शादी के दिन 5 लाख रुपये नकद दिए।
फर्जी इंटरव्यू और फोटो से बनाया भरोसा
लड़की पक्ष का आरोप है कि प्रीतम ने भरोसा दिलाने के लिए न्यूज चैनलों पर दिए गए कथित इंटरव्यू, ऑफिस की तस्वीरें और कुछ नेताओं के साथ फोटो-वीडियो भी भेजे। इन्हीं के आधार पर परिवार को उसकी सच्चाई पर यकीन हो गया।
11 मार्च को शादी, अगले दिन खुला राज
दोनों परिवारों की सहमति से 11 मार्च को शादी हुई और 12 मार्च को बारात विदा हो गई। लेकिन इसके तुरंत बाद एक व्यक्ति से जानकारी मिली कि दूल्हा IAS अधिकारी नहीं है।
जब लड़की का परिवार आरोपी के बताए पते पर पहुंचा, तो वहां एक छोटे से कमरे में उनकी बेटी मिली। आरोप है कि प्रीतम और उसकी बहन मौके से फरार हो गए।
गोवा में बेचने की साजिश का भी आरोप
पीड़िता के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रीतम उनकी बेटी को गोवा में बेचने की फिराक में था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
UPSC रिजल्ट एडिट कर बना ‘IAS’
गोरखपुर के एडिशनल एसपी (सिटी) निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी ने UPSC रिजल्ट को एडिट कर उसमें अपना नाम जोड़ लिया था और खुद को IAS अधिकारी बताता था।
उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर कैंट थाने में FIR दर्ज कर कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
सिर्फ B.Sc तक पढ़ा है आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने केवल B.Sc तक पढ़ाई की है और उसने कभी सिविल सेवा परीक्षा पास नहीं की।
ALSO READ – 12 साल बाद इंसाफ: वाराणसी के चंदापुर हत्याकांड में दोषी को फांसी की सजा
