
Chandauli News: चंदौली जिला अस्पताल में मंगलवार को पर्ची कटवाने को लेकर अधिवक्ता और सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गया, जिसके बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
पर्ची काउंटर पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सदर कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता सत्येंद्र बिंद अपनी बीमार मां के इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। दवा काउंटर पर पर्ची कटवाने के दौरान उनकी ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
धक्का-मुक्की के बाद बढ़ा तनाव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। अधिवक्ता ने गार्ड को अपना परिचय दिया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति शांत नहीं हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
अधिवक्ताओं का अस्पताल में विरोध प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह और महामंत्री आशुतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंच गए।
उन्होंने गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन ने संभाला मामला
सूचना मिलने पर वरिष्ठ चिकित्सक और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
घटना के दौरान मौजूद रहे कई अधिवक्ता
इस दौरान चंद्रभान सिंह, संजीव श्रीवास्तव, उज्जवल सिंह, संदीप यादव, सत्य प्रकाश केसरी, हरेंद्र प्रताप सिंह, अरुण मिश्रा, सच्चिदानंद तिवारी, इंदू भूषण सिंह, श्याम बहादुर सिंह यादव सहित कई अधिवक्ता मौके पर मौजूद रहे।
ALSO READ – तीसरी पत्नी के जाने से नाराज युवक चढ़ा 100 फीट टावर पर, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
