
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी से ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में छात्रों का नामांकन बढ़ाना, बच्चों को मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें और स्कूल बैग उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।
मुख्यमंत्री ने कंपोजिट विद्यालय, शिवपुर से अभियान की शुरुआत करते हुए बच्चों को स्वयं स्कूल बैग पहनाए और किताबें वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता में नहीं थी, लेकिन अब सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” के माध्यम से शिक्षा को हर घर तक पहुंचाया जाएगा और इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
दो चरणों में चलेगा अभियान
यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें नई किताबें और बैग भी वितरित किए जाएंगे।
पूरे प्रदेश में आयोजन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बड़े आयोजन किए गए। इनमें जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और छात्र शामिल हुए। अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
सख्त निर्देश और व्यापक प्रचार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे स्कूलों से जुड़ सकें। साथ ही सभी गतिविधियों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों को समय पर पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराने और विद्यालयों में आकर्षक माहौल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
लक्ष्य: हर बच्चा स्कूल में
सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर घर तक शिक्षा का संदेश पहुंचे। “स्कूल चलो अभियान” को इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
ALSO READ – चकिया लूटकांड का खुलासा- महंगे शौक के लिए युवक संग 3 नाबालिग बने लुटेरे, CCTV से पकड़े गए