घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, शव को 90 किमी दूर फेंका, आरोपी पति और पिता गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को छुपाने के लिए उसे चादर में लपेटकर बोरे में भरा और कार से करीब 90 किलोमीटर दूर नौगढ़ के पहाड़ी क्षेत्र में फेंक दिया।

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव की है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

हैंडपंप के हत्थे से किया हमला, मौके पर हुई मौत

पुलिस के अनुसार, बिछिया खुर्द निवासी गौतम कुमार खरवार उर्फ बाचा का अपनी पत्नी सोनी (28) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने हैंडपंप के लोहे के हत्थे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची।

शक से बचने के लिए कार सर्विसिंग में छोड़ी

हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर अपनी कार से नौगढ़ के पहाड़ी इलाके में ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद शक से बचने के लिए उसने कार को सर्विसिंग के लिए एजेंसी में छोड़ दिया और घर लौट आया, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।

परिजनों को हुआ शक, पुलिस तक पहुंचा मामला

रविवार सुबह मृतका की बहनों सोनम और पिंकी ने फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोग टालमटोल करते रहे।

शक होने पर वे अपने भाई संजय के साथ सीधे सदर कोतवाली पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी और पिता को किया गिरफ्तार

पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी पति गौतम कुमार खरवार और उसके पिता रामलखन को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल कार को भी एजेंसी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हैंडपंप का हत्था भी बरामद कर लिया है।

परिवारिक तनाव की बात आई सामने

जानकारी के अनुसार, आरोपी चंदौली बाजार स्थित एक कार शोरूम में फाइनेंस का काम करता था और पत्नी गृहिणी थी। दोनों का एक 5 वर्षीय बेटा भी है। बताया जा रहा है कि आरोपी आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते परेशान रहता था और कई लोगों से उधार ले चुका था।

मामले पर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को नौगढ़ के पहाड़ी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

ALSO READ – SP का सख्त एक्शन! लूट केस में लापरवाही पर मुगलसराय इंस्पेक्टर निलंबित


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *