
Varanasi News: वाराणसी गंगा में कथित तौर पर बीयर पार्टी के वायरल वीडियो को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। असद्दुदीन ओवेसी ने इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक गंगा नदी के बीच नाव पर डीजे की धुन पर नाचते हुए नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में बीयर की कैन दिखाई दे रही है, जिससे यह दावा किया जा रहा है कि नदी के बीच शराब पार्टी की गई।
इस वीडियो के सामने आने के बाद AIMIM प्रमुख ओवैसी ने X (पूर्व ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जब गंगा में इफ्तार करने पर मुस्लिम युवकों को जेल भेजा गया, तो अब इसी तरह के मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
ओवैसी ने अपने बयान में कहा कि क्या इस तरह सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना नियमों का उल्लंघन नहीं है? क्या इससे सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाएं प्रभावित नहीं होतीं?
इफ्तार पार्टी विवाद से तुलना
दरअसल, 16 मार्च को वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। आरोप लगा था कि कुछ लोगों ने खाने के बाद चिकन की हड्डियां नदी में फेंकी थीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है और आरोपी अब भी जेल में हैं। इसी घटना का जिक्र करते हुए ओवैसी ने सवाल उठाया कि अगर इफ्तार मामले में तुरंत कार्रवाई हो सकती है, तो बीयर पार्टी के वीडियो पर वैसी सख्ती क्यों नहीं दिखाई जा रही है।
पुलिस का क्या है कहना?
इस पूरे मामले पर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वीडियो नाविक समाज की पारंपरिक शोभायात्रा से जुड़ा हो सकता है, जो हर साल दशाश्वमेध से मिर्जापुर के अदलहाट तक निकाली जाती है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रही गतिविधियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
गंगा में धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों पर पहले भी विवाद होते रहे हैं। ऐसे में यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर कानून, आस्था और सार्वजनिक आचरण को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है कि क्या इस मामले में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे या नहीं।
ALSO READ – चलती ट्रेन के नीचे गिरा यात्री… आखिरी सेकंड में बची जान- देखिए कैसे हुआ रेस्क्यू
