
Chandauli News: चंदौली में अवैध रूप से ब्याज पर पैसा उधार देने वाले और कर्ज के नाम पर आम जनता का शोषण करने वाले ‘ब्याज माफियाओं’ के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एक पीड़ित की शिकायत पर मुगलसराय कोतवाली में पांच ब्याज माफियाओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने हाल ही में पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि बिना लाइसेंस और नियमों के विरुद्ध जाकर गरीब व मजबूर लोगों का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न करने वाले ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इसी अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सिकटिया परशुरामपुर निवासी लक्ष्मन ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले उन्होंने दिनेश जायसवाल, राकेश, दिनेश मलिक, पवन सिंह और लालबाबू से ब्याज पर पैसा लिया था। ब्याज सहित पैसा वापस कर देने के बावजूद ये लोग ‘गुंडा टैक्स’ के रूप में और पैसे की मांग कर रहे हैं। पैसा न देने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी जाती है।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि भविष्य में ऐसे कार्य करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अवैध सूदखोरों के चंगुल में न फंसें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
ALSO READ – फर्जी अस्पताल और असुरक्षित नावों पर सख्ती, चंदौली में पुलिस ने गांव-गांव जाकर किया जागरूक
