
Chandauli News: चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रधान समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हिंसक झड़प में सात लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सोमवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह विवाद 19 अप्रैल की सुबह हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के साथ-साथ बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक पक्ष के सुभाष नामक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने से सात लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 18 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गांव के पूर्व प्रधान रामसूरत के अलावा सुभाष, अशोक, शैलेश, दिनेश उर्फ टड्डू, संतलाल, विमलेश, रोशन, नरेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, राहुल, वीरेंद्र, मंटू राम उर्फ मनीष और सुरेंद्र उर्फ अन्नू शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक लाइसेंसी बंदूक और लाठियों का बंडल भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बच्चों के विवाद के बाद मारपीट शुरू हुई, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
इस पूरे ऑपरेशन में कंदवा थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
ALSO READ – सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा: डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज
