
Chandauli News: चंदौली में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
OPD, इमरजेंसी और नेत्र कक्ष का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, नेत्र कक्ष सहित अन्य प्रमुख इकाइयों का दौरा किया।
उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और स्टाफ की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
दवाओं की उपलब्धता और इलाज की गुणवत्ता पर फोकस
जिलाधिकारी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, इलाज की गुणवत्ता और समयबद्ध सेवाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए और हर सेवा सुचारु रूप से संचालित हो
मरीजों से सीधे बातचीत कर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनसे इलाज, दवाओं और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया, ताकि जमीनी स्थिति का वास्तविक आकलन किया जा सके।
कैंटीन और पैकेजिंग फूड की भी जांच के निर्देश
डीएम ने अस्पताल की कैंटीन व्यवस्था पर भी ध्यान दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और पैकेज्ड फूड की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच की जाए।
उपकरणों की कार्यशीलता और स्टाफ की जिम्मेदारी पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, डॉक्टरों की उपलब्धता और स्टाफ की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें ताकि मरीजों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सेवाओं में लगातार सुधार लाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।
