मुआवजा दो, फिर तोड़ो दुकान! चंदौली में सपा का पैदल मार्च, प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार पैदल मार्च निकालते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना हुए।

मुआवजा पहले, कार्रवाई बाद में- सपा की मांग

प्रदर्शनकारियों ने पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के तहत दुकानों और पक्के निर्माण को तोड़े जाने पर कड़ा विरोध जताया। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन प्रभावित लोगों को पहले उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।

व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिना मुआवजा दिए दुकानों को तोड़ा गया, तो व्यापारियों के सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि वर्षों से स्थापित कारोबार अचानक खत्म हो जाएगा, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट में आ सकते हैं।

प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप

मुगलसराय विधानसभा से सपा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि पीडीडीयू नगर के मुख्य बाजार में सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है, लेकिन अब तक प्रभावित दुकानदारों को कोई मुआवजा नहीं दिया गया है।

उन्होंने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना मुआवजा दिए इस तरह की कार्रवाई करना पूरी तरह से संवेदनहीनता को दर्शाता है।

आंदोलन की चेतावनी

चंद्रशेखर यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो सपा कार्यकर्ता बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल

इस प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, नफीस अहमद, यादवेश यादव, मोनू जायसवाल, मुसाफीर चौहान, सिद्धांत जायसवाल, चंद्रभानु यादव, दिलीप पासवान, महेंद्र यादव माही और औसाफ अहमद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *