
Chandauli News: डीडीयू जंक्शन के पास चलती ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या किए जाने से रेलवे प्रशासन और यात्रियों में हड़कंप मच गया। सियालदह से जम्मूतवी जा रही 13151 अप जम्मूतवी एक्सप्रेस में सोमवार तड़के यह सनसनीखेज वारदात हुई। घटना उस समय हुई जब ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रवाना होकर आगे बढ़ी ही थी। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
लगातार दूसरे दिन ट्रेन में गोलीबारी और हत्या की घटना सामने आने के बाद डीडीयू रेल मंडल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले रविवार को भी मुगलसराय-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या की गई थी।

ट्रेन खुलते ही मारी गोली, मच गई अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, गया से उन्नाव की ओर जा रहे यात्री दिनेश साहू को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। घटना सोमवार तड़के करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। जैसे ही गोली चली, ट्रेन के एस-2 कोच में चीख-पुकार मच गई और यात्री दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के तुरंत बाद आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
बिहार के गया निवासी थे मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के पिपरिया निवासी 57 वर्षीय दिनेश साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे और लखनऊ की ओर जा रहे थे। घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
24 घंटे में दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता
रेलवे मंडल में लगातार दूसरे दिन हत्या की घटना सामने आने से यात्रियों में भय का माहौल है। रविवार को मुगलसराय-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के जमनिया निवासी 34 वर्षीय मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। अब पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के पीछे कहीं एक ही गिरोह या व्यक्ति तो नहीं है।
जांच में जुटीं GRP और RPF की टीमें
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इसके अलावा ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेनों में पर्याप्त सुरक्षा जांच और गश्त नहीं हो रही है, जिससे अपराधी आसानी से हथियार लेकर ट्रेन में चढ़ रहे हैं।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और रात के समय अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।