CM योगी का बड़ा आदेश: आधी होगी वीवीआईपी फ्लीट, अधिकारियों और जनता के लिए जारी की नई गाइडलाइन

Spread the love & Share it

CM Yogi Big Order

CM Yogi Big Order: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ईंधन बचत, बिजली संरक्षण और स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए लोगों से अनावश्यक ईंधन खर्च कम करने, जरूरत से ज्यादा सोने की खरीदारी से बचने और स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। सरकार का फोकस अब ईंधन बचत, डिजिटल कार्य प्रणाली और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर रहेगा।

मंत्रियों की फ्लीट में 50 प्रतिशत कटौती

सीएम योगी ने सबसे बड़ा फैसला वीवीआईपी फ्लीट को लेकर लिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में शामिल अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए और फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए। सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की बड़ी बचत होगी और जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।

‘नो व्हीकल डे’ मनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का सुझाव दिया है। इस दिन मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि निजी वाहनों की बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करेंगे।

सरकार चाहती है कि इस अभियान से आम जनता भी जुड़े। स्कूल-कॉलेजों के छात्रों, सरकारी कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों को भी इस पहल में शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

वर्क फ्रॉम होम को मिलेगा बढ़ावा

प्रदेश सरकार ने बड़े औद्योगिक संस्थानों, स्टार्टअप कंपनियों और कॉरपोरेट ऑफिसों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सिफारिश करने का फैसला लिया है।

इसके अलावा सरकारी बैठकों, सेमिनार और कॉन्फ्रेंस को ज्यादा से ज्यादा वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया गया है। सचिवालय और निदेशालय स्तर की करीब 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट और EV पर जोर

योगी सरकार ने मेट्रो, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों और UPSRTC बसों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। कार पूलिंग और साइक्लिंग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इससे ट्रैफिक और ईंधन दोनों की खपत कम होगी। वहीं स्कूलों में निजी वाहनों की जगह बसों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है।

बिजली बचत और सजावटी रोशनी पर फोकस

मुख्यमंत्री ने सरकारी और निजी संस्थानों में अनावश्यक बिजली उपयोग रोकने के निर्देश दिए हैं। रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के सीमित इस्तेमाल की अपील की गई है।

इसके साथ ही रूफटॉप सोलर और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शादियां, पर्यटन और स्वदेशी पर सरकार का जोर

सीएम योगी ने लोगों से अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शादी और बड़े आयोजन देश के भीतर ही किए जाएं।

सरकार उत्तर प्रदेश के किलों, हेरिटेज साइट्स और ईको टूरिज्म स्थलों को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान भी शुरू किया जाएगा।

खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और पोषण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने होटल, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ मिलकर कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को हेल्दी लाइफस्टाइल के प्रति प्रेरित करने को कहा गया है।

दुनिया की परिस्थितियों को देखते हुए सरकार अलर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया में जारी आर्थिक और भू-राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जनआंदोलन बनाकर ही देश ऊर्जा और आर्थिक चुनौतियों से मजबूती से निपट सकता है।



Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *