बाथरूम में फंदे से लटकी मिली विवाहिता, पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के 7 लोगों पर केस

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौड़ी गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर आत्महत्या माने जा रहे इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका अंशिका यादव उर्फ शानू की मौत 12 मई की देर शाम ससुराल स्थित बाथरूम में फांसी लगाने से हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार देर शाम मृतका के पति धीरज यादव, चचेरी सास शांति देवी और चचेरे देवर अभिषेक यादव को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। प्रभारी क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के घरों पर फिलहाल ताला लटका मिला है, लेकिन टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

शादी के दो साल बाद हुई मौत

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नगवा निवासी महेंद्र यादव की बेटी अंशिका यादव की शादी 6 जून 2023 को कठौड़ी गांव निवासी धीरज यादव से हुई थी। शादी के बाद अंशिका को एक बेटा भी हुआ, जिसे परिवार में ‘चिंटू’ नाम से बुलाया जाता है।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही अंशिका को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार देर शाम उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतका के पिता महेंद्र यादव ने अलीनगर थाने में ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर में पति धीरज यादव, ससुर दुर्गा यादव, देवर विनय यादव, चचेरी सास शांति देवी, चचेरे देवर अभिषेक यादव और चचेरी ननद प्रतिभा यादव व काजल यादव को नामजद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों पर दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

लगातार दबिश दे रही पुलिस

अलीनगर पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। जांच टीम परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *