
UP Politics: सपा-बसपा को बड़ा झटका, 51 नेताओं ने थामा ओमप्रकाश राजभर की पार्टी का दामनउत्तर प्रदेश की राजनीति में इस समय बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) को एक साथ बड़ा झटका देते हुए दोनों दलों के 51 नेताओं ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) का दामन थाम लिया है। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष, खासकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सपा और बसपा छोड़कर आए नेताओं का पार्टी में स्वागत किया गया। इस मौके पर राजभर ने दावा किया कि आने वाले समय में यूपी की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

अखिलेश यादव पर जमकर बरसे ओमप्रकाश राजभर
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ नारे लगाने से सरकार नहीं बनती। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव जितना भी PDA का नारा लगा लें, अब इस जन्म में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है।
राजभर ने सपा की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा, “सपा का हाल ऐसा हो गया है कि ‘न खाता, न बही… जो अखिलेश कहें वही सही। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है।
राजा भैया के बयान का भी किया समर्थन
ओमप्रकाश राजभर ने इस दौरान मुसलमानों को लेकर राजा भैया द्वारा दिए गए बयान का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राजा भैया ने जो कहा, वह इतिहास और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़ा विषय है।
दरअसल, हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान राजा भैया ने कहा था कि आज जो मुसलमान दिखाई देते हैं, उनमें से कई पहले हिंदू थे और उन्होंने दबाव या प्रलोभन में धर्म परिवर्तन किया। इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी।
बसपा छोड़ सुभासपा में शामिल हुए ये नेता
बहुजन समाज पार्टी से जुड़े कई नेताओं ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से प्रदीप सिंह (कबूतरा), अर्जुन प्रताप सिंह, संजीव सिंह बंटू, बब्बन सिंह, दीपक सिंह, रोशन सिंह, अवनीश दूबे चंदन, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, मनोज सिंह, शशि प्रकाश राय, वैभव राय, विवेक सिंह, रितिक राय, शुभम राय, सतीश दूबे, शिवम सिंह, फरीद अहमद, रवीन्द्र राजभर, संतोष भारती और अन्य कई नेता शामिल हैं।
इसके अलावा गोलू यादव, सूरज कुमार, सचिन कुमार, मिथलेश यादव और अमन पटेल समेत कई क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली।
सपा के नेताओं ने भी बदला पाला
समाजवादी पार्टी से जुड़े कई नेताओं ने भी सुभासपा ज्वाइन की। इनमें अतुल सिंह, रोशन सिंह, अभिषेक सिंह, सुबोध कनौजिया, विशाल पाण्डेय, पियुष सिंह, अर्पित सिंह, रणविजय सिंह, राकेश सिंह, बजरंग सिंह, विनय सिंह, अजय कुमार और संतोष यादव जैसे नाम शामिल हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पूर्वांचल की राजनीति में यह बदलाव आने वाले चुनावों में असर डाल सकता है।
पूर्वांचल की राजनीति में बढ़ी हलचल
एक साथ बड़ी संख्या में नेताओं के सुभासपा में शामिल होने को पूर्वांचल की राजनीति में अहम माना जा रहा है। खासतौर पर राजभर समुदाय और पिछड़े वर्ग की राजनीति को लेकर सुभासपा लगातार अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आने वाले पंचायत और विधानसभा चुनावों से पहले इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां यूपी का समीकरण बदल सकती हैं।