चंदौली में फायरिंग और रंगदारी केस का खुलासा: लड़की के विवाद में चली गोली, बुलेट पर पहुंचे थे आरोपी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में रंगदारी, धमकी और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामूली क्रिकेट विवाद धीरे-धीरे निजी रंजिश में बदल गया था। बाद में युवती को लेकर चल रहे विवाद ने मामला इतना बढ़ा दिया कि आरोपियों ने पीड़ित के घर पहुंचकर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।


50 हजार की रंगदारी नहीं देने पर दी गई थी जान से मारने की धमकी

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के मुताबिक पीड़ित रितेश कुमार पासवान से आरोपियों द्वारा 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जब रकम नहीं दी गई तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंचे और छत की ओर फायरिंग कर इलाके में डर का माहौल बनाने की कोशिश की। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अलीनगर पुलिस ने मुकदमा संख्या 302/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।


मुखबिर की सूचना पर ददवापुर नहर पुलिया से दबोचे गए आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने ददवापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की और शुक्रवार तड़के करीब डेढ़ बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित यादव निवासी नाथूपुर, मृत्युंजय मौर्या उर्फ गुल्लू निवासी रस्तापुर भीटी, रवि किशन यादव निवासी नाथूपुर के रूप में हुई है।


युवती को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि रवि किशन यादव और पीड़ित रितेश पासवान के बीच एक युवती को लेकर पहले से तनाव चल रहा था। बताया गया कि 17 मई को फोन पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।

इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के गांव पहुंचे और विवाद बढ़ने पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि इस एंगल की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *