
Chandauli News: विवेचना में लापरवाही पर SP का बड़ा एक्शन, इंस्पेक्टर विमलेश मौर्य सस्पेंड:चंदौली पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ी कार्रवाई की है। विवेचना सेल में तैनात निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य को कर्तव्यों में घोर लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी और विवेचना नियमों के उल्लंघन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसपी ने साफ संदेश दिया है कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आरोपियों को नोटिस दिए बिना लंबित रखी विवेचना
जानकारी के मुताबिक निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य सदर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने आरोपियों को नियमानुसार नोटिस जारी नहीं किए और कथित रूप से अनुचित लाभ लेने के उद्देश्य से मामले को लंबे समय तक लंबित रखा। उच्चाधिकारियों द्वारा कई बार इस मामले को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद विवेचना में लगातार देरी होती रही।

ASP जांच में सामने आए गंभीर तथ्य
मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर को सौंपी गई थी। जांच के दौरान यह पाया गया कि विवेचना में कई स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है।
जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि उच्चाधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद निरीक्षक ने समयबद्ध कार्रवाई नहीं की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करने में गंभीर लापरवाही बरती।
विभागीय जांच भी शुरू
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि निलंबन के साथ-साथ निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता की शिकायतों पर समय से और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
“अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी” — SP आकाश पटेल
एसपी आकाश पटेल ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता, शुचिता और जवाबदेही बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतता है या नियमों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की सख्त कार्यशैली और जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।