
Chandauli News: चंदौली में मौसम अचानक खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने जिले में तेज आंधी और झोंकेदार हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार चंदौली में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यूपी के कई जिलों में भी जारी हुआ अलर्ट
चंदौली के अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बहराइच, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में भी तेज आंधी और खराब मौसम की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने जनहानि और संपत्ति के नुकसान से बचने के लिए लोगों को कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि आंधी के दौरान लोग किसी पक्के मकान या सुरक्षित आश्रय के भीतर रहें।

पेड़ों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। कच्चे मकानों और टीन-शेड में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं या अपने घरों की मजबूती सुनिश्चित करें।
यात्रा और बिजली उपकरणों को लेकर भी चेतावनी
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि तूफानी हवाओं के दौरान यात्रा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति सड़क पर है तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक लें। खुले मैदान, खेत और पानी के स्रोतों के पास जाने से भी मना किया गया है।
इसके अलावा मोबाइल फोन चार्ज रखने, टॉर्च तैयार रखने और बिजली के उपकरण बंद करने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
सोशल मीडिया अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों से भी सावधान रहने को कहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे।