
Chandauli News: समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती गार्गी पटेल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाओं के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार महिला सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने गार्गी पटेल के साथ हुई घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी भी महिला के साथ इस प्रकार की हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।
इस दौरान मंत्री हंसराज विश्वकर्मा से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों को लेकर भी सवाल पूछा गया, जिसमें आरोपी पक्ष के लोगों के साथ उनकी फोटो वायरल की जा रही है। इस पर मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि वह एक कार्यक्रम में भाजपा के एक सभासद के यहां गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया था। उसी कार्यक्रम में आरोपी पक्ष के लोग भी मौजूद थे और उसी दौरान खींची गई तस्वीरों को अब गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों को किसी भी प्रकार से भाजपा की सदस्यता नहीं दिलाई गई थी। मंत्री ने दावा किया कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों का संबंध समाजवादी पार्टी से है।
हंसराज विश्वकर्मा ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का चाल और चरित्र हमेशा महिला विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग ‘पीडीए’ की राजनीति की बात करते हैं, उन्हीं के लोगों ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल किया है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा गार्गी पटेल के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। वहीं पुलिस प्रशासन भी मामले में कार्रवाई में जुटा हुआ है और आरोपियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गार्गी पटेल के साथ घर में घुसकर मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में भी इसे लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।