विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर वाराणसी में निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर वाराणसी के आशापुर और सारनाथ क्षेत्र में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित त्रिशक्ति नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश देना रहा।

इस जनजागरूकता रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। रैली के दौरान लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने “नशा नहीं, जीवन चुनें” और “नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज” जैसे संदेशों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह भोला रहे। उन्होंने कहा कि समाज को नशे जैसी गंभीर बुराइयों से मुक्त करने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

रैली के दौरान तम्बाकू सेवन और अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास और लगातार जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में अजय सिंह, विशाल पांडेय (चुलबुल), मद्यनिषेध अधिकारी राकेश रोशन, पार्षद अभय पांडेय, पार्षद प्रतिनिधि रजनीश पांडेय, राजीव सिंह, डॉ. जगदीश नारायण, ज्योति सेठ, संतोष जायसवाल, अरुण सिंह, धीरज पांडेय, संजय राय, दीपक सिंह, आलोक यादव, गोविंद यादव, रोहित यादव, धर्मेंद्र पांडेय, अभिषेक गुप्ता और प्रतीक पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *