
Chandauli News: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक स्कूल के अंदर हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। समर कोचिंग के दौरान एक 17 वर्षीय छात्र की उसके ही सहपाठी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना क्लासरूम के अंदर हुई, जहां छात्र पढ़ाई कर रहे थे। वारदात के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई।
पुलिस ने आरोपी किशोर को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों छात्रों के बीच पुरानी रंजिश और मनमुटाव की बात सामने आई है।
समर कोचिंग के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी बबलू यादव का बेटा लवकुश यादव (17 वर्ष) पास स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। गर्मी की छुट्टियों के दौरान स्कूल में समर कोचिंग चल रही थी, जिसमें लवकुश रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी पढ़ने पहुंचा था।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे क्लासरूम में 12 से 15 छात्र मौजूद थे। इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाला 17 वर्षीय एक अन्य छात्र अचानक अपनी सीट से उठकर लवकुश के पास पहुंचा और कमर से चाकू निकालकर उसके सीने पर वार कर दिया।
हमला इतना अचानक था कि लवकुश को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चाकू लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और क्लासरूम में चीख-पुकार मच गई।
छात्रों में मची भगदड़, अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद क्लास में मौजूद छात्र घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। स्कूल स्टाफ को सूचना दी गई, जिसके बाद घायल लवकुश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद फरार हुआ आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत स्कूल पहुंचे और छात्रों व शिक्षकों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके गांव फत्तेपुर में दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी छात्र के गांवों के बीच लगभग 500 मीटर की दूरी है।
छात्रों ने बताया- पहले भी हुआ था विवाद
घटना के प्रत्यक्षदर्शी छात्रों ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने आपस में बातचीत बंद कर दी थी।
एक छात्र ने बताया कि आरोपी पीछे की सीट पर बैठा था, जबकि लवकुश आगे की सीट पर था। करीब 15 मिनट तक सब सामान्य रहा, लेकिन अचानक आरोपी आगे आया और बिना कुछ कहे चाकू से हमला कर दिया।
छात्रों के मुताबिक किसी को भी अंदाजा नहीं था कि पुराना विवाद इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगा।
पुलिस कर रही पूछताछ
क्षेत्राधिकारी (CO) देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों छात्रों के बीच मनमुटाव की बात सामने आई है। आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी स्कूल में चाकू लेकर कैसे पहुंचा।
स्कूल सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्कूल परिसर के भीतर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि छात्रों की नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था होती तो इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था।