
Varanasi News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को काशी की सनातन परंपरा, प्रदेशवासियों के सुख-शांति और जनकल्याण की कामना के साथ अपनी पांचवीं पंचकोशी यात्रा शुरू की। यात्रा से पूर्व उन्होंने बड़े गणेश मंदिर, बाबा कालभैरव, मां गंगा और श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मणिकर्णिका घाट से शुरू हुई यात्रा के दौरान अजय राय ने पंचकोशी मार्ग के प्रमुख पड़ावों कर्दमेश्वर महादेव, भीमचंडी मंदिर, रामेश्वर महादेव, पांचों पाण्डव स्थल एवं कपिलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि पंचकोशी यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि काशी की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। यह परिक्रमा लोगों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रदेश में खुशहाली, शांति और लोककल्याण की प्रार्थना की।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।