
Chandauli News: सैयदराजा थाना पुलिस ने रेलवे कर्मचारी के सरकारी उपकरण और औजार चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को तेजोपुर टड़िया गांव के पास से एक काली स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए रेलवे विभाग के उपकरण और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भभुआ जनपद के चांद थाना क्षेत्र के चंदोश गांव निवासी विनोद कुमार और आकाश कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर रेलवे कर्मचारी शंभूनाथ के सरकारी सामान की चोरी का आरोप है।
रेलवे कर्मचारी के झोले से चोरी किया था सामान
जानकारी के मुताबिक 14 जून को रेलवे विभाग में कीमैन के पद पर कार्यरत शंभूनाथ नौबतपुर रेलवे लाइन के पास मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान काली स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और मौका देखकर उनके झोले में रखे सरकारी उपकरण और कीमती औजार चोरी कर फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सैयदराजा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार को तेजोपुर टड़िया गांव के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में किया खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने महंगे शौक और व्यक्तिगत खर्च पूरे करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने रेलवे कर्मचारी का सामान चोरी करने की बात भी कबूल की है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए रेलवे विभाग के कई महत्वपूर्ण उपकरण बरामद किए हैं। इनमें शामिल हैं-
- दो बड़े लोहे के रिंच
- एक जीपीएस मशीन
- एक बड़ा हथौड़ा
- वारदात में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की ऐसी घटनाओं में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मदेव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में गंगाधर मौर्य, राजेश कुमार, अंकित कुमार और मनीष कुमार शामिल रहे।