अब सरकार की हर बड़ी योजना पहुंचेगी सीधे आपके मोबाइल तक, लॉन्च हुआ ‘सूचना प्रवाह’

Spread the love & Share it

UP Information Department

UP Information Department: उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को नई दिशा देने की पहल करते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ कर दिया है। इस मंच के माध्यम से प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण फैसलों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक तेज, सरल और प्रमाणिक तरीके से पहुंचाया जाएगा।

लोक भवन में हुआ ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ

‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ शुक्रवार को लोक भवन, लखनऊ में सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सूचना विभाग का यह नया डिजिटल मंच सरकार और जनता के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

योजनाओं और विकास कार्यों की मिलेगी प्रमाणिक जानकारी

विभाग के अनुसार ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, शासन के महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों से जुड़ी प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी नियमित रूप से साझा की जाएगी।

इसके अलावा विभाग द्वारा तैयार किए गए वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का प्रसारण भी इस चैनल पर किया जाएगा, जिससे नागरिकों को एक ही मंच पर सरकारी गतिविधियों की जानकारी मिल सके।

‘सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु बनेगा चैनल’

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल और आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोगों तक सही सूचना समय पर पहुंच सके।

आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा सूचना विभाग

अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सूचना प्रवाह’ के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

उनके अनुसार यह मंच नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

जनहित की जानकारी का बनेगा बड़ा डिजिटल मंच

सूचना विभाग का मानना है कि ‘सूचना प्रवाह’ केवल एक यूट्यूब चैनल नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी सूचनाओं का एक भरोसेमंद डिजिटल मंच होगा। इसके जरिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचेगी और शासन तथा आमजन के बीच संवाद और मजबूत होगा।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *