
Chandauli News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत शनिवार को चंदौली जिले के किसानों को बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से योजना की 23वीं किस्त जारी की, जिसके तहत जनपद चंदौली के 2,00,275 पात्र किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले भर में व्यापक स्तर पर किया गया। कृषि विभाग की ओर से किसानों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
KVK, ब्लॉक और पंचायत भवनों में हुआ लाइव प्रसारण
प्रधानमंत्री के संबोधन और किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम को किसानों तक पहुंचाने के लिए जनपद के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), सभी विकास खंडों तथा ग्राम पंचायत भवनों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।
इन केंद्रों पर बड़ी संख्या में किसानों ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की।
किसानों को मिला आर्थिक संबल
इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किसान सम्मान निधि को किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना छोटे और सीमांत किसानों को खेती-किसानी के खर्चों में मदद प्रदान कर रही है।
उप कृषि निदेशक ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक भीमसेन ने बताया कि जनपद के सभी पात्र किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि भेज दी गई है।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों को ई-केवाईसी, आधार सत्यापन या अन्य तकनीकी कारणों से समस्या आ रही है, वे अपने नजदीकी विकास खंड कार्यालय या कृषि विभाग से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, भूमि संरक्षण अधिकारी, वैज्ञानिक डॉ. अभयदीप गौतम, अवर अभियंता मान सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ अरुण कुमार यादव, प्राविधिक सहायक अमित कुमार प्रजापति, बीटीएम सिद्धार्थ सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रगतिशील किसान संतोष गिरी, राजनाथ, कालीचरण यादव, अशोक सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
किसानों में दिखा उत्साह
23वीं किस्त जारी होने के बाद किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान मिलने वाली यह आर्थिक सहायता खेती के कार्यों में उपयोगी साबित होगी और कृषि लागत का बोझ कम करने में मदद करेगी।