जूस लेने गया पति, लौटा तो फंदे पर लटकते मिले पत्नी और 2 साल का बेटा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय महिला ने अपने दो साल के बेटे के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपने पति को मैंगो जूस लाने के लिए बाजार भेजा था। जब पति वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांककर देखा तो पत्नी फंदे से लटकी हुई थी और उसी साड़ी का दूसरा सिरा मासूम बेटे के गले में बंधा था।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पति के लौटते ही मच गई चीख-पुकार

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर गांव निवासी अजय कुमार पटेल अपनी पत्नी प्रिया पटेल, दो वर्षीय बेटे युवराज और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। अजय पान की दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाते हैं। उनकी शादी करीब चार साल पहले मिर्जापुर के कौमा रसूलपुर गांव निवासी प्रिया से हुई थी।

बताया गया कि प्रिया तीन दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। शुक्रवार को घर में केवल अजय, प्रिया और उनका बेटा मौजूद थे। बाकी परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था।

मैंगो जूस लाने भेजा, फिर उठाया बड़ा कदम

शाम करीब सात बजे अजय दुकान बंद कर घर पहुंचे। परिवार के साथ खाना खाने के बाद कुछ देर आराम किया। इसी दौरान प्रिया ने उनसे बेटे के लिए मैंगो जूस लाने को कहा। अजय बाजार चला गया।

करीब साढ़े आठ बजे जब वह जूस लेकर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो पत्नी पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई थी। उसी साड़ी का दूसरा सिरा बेटे युवराज के गले में बंधा था।

दरवाजा तोड़कर निकाले गए मां-बेटे

अजय के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दरवाजा तोड़कर मां-बेटे को नीचे उतारा और तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल की सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने इतना बड़ा कदम आखिर किन परिस्थितियों में उठाया।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *