
Chandauli News: के सदर ब्लॉक क्षेत्र के धरौली और आसपास के गांवों के किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की और क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने स्कूल के पास प्रस्तावित शराब की दुकान का विरोध जताने के साथ-साथ बेन-धरौली नहर के जाम साइफन, सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभों और नहर सफाई में ठेकेदार की मनमानी का मुद्दा उठाया। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
स्कूल के पास शराब की दुकान का विरोध
किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि धरौली स्थित विद्यालय के समीप शराब की दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि इससे स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने मांग की कि विद्यालय के पास शराब की दुकान खोलने की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए।
जाम साइफन से हर साल डूब जाती है धान की फसल
किसानों ने बेन-धरौली नहर पर बने दो साइफन की सफाई की मांग उठाई। उनका कहना है कि बरसात के दौरान साइफन जाम होने से पानी की निकासी रुक जाती है, जिससे सैकड़ों किसानों के खेत जलमग्न हो जाते हैं और धान की फसल हर वर्ष बर्बाद होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि समय पर सफाई होने से किसानों को होने वाले भारी नुकसान से बचाया जा सकता है।
ठेकेदार की मनमानी पर कार्रवाई की मांग
नहर की सफाई के दौरान ठेकेदार पर लापरवाही और मनमानी करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि कार्य के नाम पर जरूरत से ज्यादा गहरे गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इससे पशुओं के गिरने का खतरा बढ़ गया है और ग्रामीणों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
किसानों ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभों से हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि बेन-धरौली नहर मार्ग को चौड़ा करने के दौरान कई बिजली के खंभे सड़क के बीचों-बीच रह गए हैं। इन खंभों को हटाने के लिए कई बार संबंधित विभाग को ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसानों का कहना है कि सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
‘समस्या नहीं सुलझी तो सड़क पर उतरेंगे’
किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र की इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। अधिकारियों की उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रीय लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
कई किसान रहे मौजूद
जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान संदीप सिंह, सुनील कुमार सिंह, संजय सिंह, रामदयाल राम, अनिमेष सिंह, अभिषेक सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।