
Chandauli News: पंडित दीनदयाल उपाध्याय (PDDU) जंक्शन के पास आरपीएफ जवान और एक ऑटो चालक के बीच सड़क पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। कोई इसे वर्दी की दबंगई बता रहा है तो कोई सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद का नतीजा। मामले की पड़ताल में घटना की पूरी तस्वीर सामने आई है।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार आरपीएफ कांस्टेबल जसवंत यादव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन स्थित आरपीएफ थाने पर तैनात हैं और मुगलसराय की नई बस्ती में किराये पर रहते हैं। शुक्रवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि गल्ला मंडी के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरपीएफ जवान सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
कहासुनी बढ़ी, फिर हाथापाई तक पहुंचा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ऑटो चालक और आरपीएफ जवान के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। आरोप है कि इसी दौरान ऑटो चालक भी आक्रामक अंदाज में जवान से उलझ गया।
विवाद बढ़ने पर आरपीएफ कांस्टेबल ने ऑटो चालक को दो थप्पड़ मार दिए और तेज रफ्तार में वाहन चलाने को लेकर नाराजगी जताई। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
कुछ लोगों ने इसे वर्दी का रौब बताते हुए आरपीएफ जवान की कार्रवाई पर सवाल उठाए, जबकि कई लोगों का कहना है कि यदि सड़क हादसा ऑटो चालक की लापरवाही से हुआ है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अब तक किसी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई शिकायत
मामले में फिलहाल न तो ऑटो चालक और न ही आरपीएफ जवान की ओर से पुलिस या आरपीएफ में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
हालांकि वायरल वीडियो को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय स्तर पर लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं, लेकिन आधिकारिक शिकायत दर्ज न होने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।