
Varanasi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 7 जुलाई से दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। इस दौरान वे बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे, शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ करेंगे और प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि भेजेंगे। वाराणसी के बाद मुख्यमंत्री विंध्याचल और चित्रकूट के दौरे पर भी जाएंगे।
काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद शादी समारोह में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वाराणसी आगमन सोमवार शाम होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 6:05 बजे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा का दर्शन-पूजन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री जाएंगे, जहां प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम 7:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ करेंगे
मंगलवार 8 जुलाई की सुबह मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
1.10 करोड़ छात्रों के अभिभावकों को मिलेगा DBT का लाभ
इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि भी हस्तांतरित करेंगे। यह राशि विद्यार्थियों की ड्रेस, जूते-मोजे और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं के लिए भेजी जाएगी। डीबीटी व्यवस्था से लाभ सीधे पात्र परिवारों तक पहुंचेगा और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
वाराणसी के बाद विंध्याचल में करेंगे मां विंध्यवासिनी के दर्शन
वाराणसी में कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर के विंध्याचल रवाना होंगे। वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद अष्टभुजा अतिथि गृह में विंध्याचल मंडल के लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे।
विकास कार्यों की समीक्षा के बाद चित्रकूट रवाना होंगे
विंध्याचल में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुराने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और नई परियोजनाओं की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। दोपहर 1:40 बजे मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के लिए रवाना हो जाएंगे।