
Chandauli News: चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित रामरजाय चट्टी पर रुपये के लेनदेन के विवाद ने रविवार शाम हिंसक रूप ले लिया। बीच सड़क हुई मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के प्रकाशपुर (महुरा) निवासी विजय बहादुर सिंह उर्फ कलाधर सिंह रविवार शाम कार से धानापुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामरजाय चट्टी पर डबरिया गांव निवासी अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह ने कथित तौर पर अपनी बाइक उनकी कार के सामने खड़ी कर रास्ता रोक दिया।
गाली-गलौज के बाद मारपीट और फायरिंग का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, लाखन सिंह ने विजय बहादुर सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने भाई चंदन सिंह और पुत्र रतन राज सिंह को ललकारते हुए हमला करने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी दौरान चंदन सिंह ने अपने पास मौजूद असलहे से हवाई फायरिंग की। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर विजय बहादुर सिंह के साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, चंदन सिंह ने असलहे की बट से उनके सिर पर कई वार भी किए।
फायरिंग से मची अफरा-तफरी, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
हवाई फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
तीन आरोपियों पर मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए दबिश
मामले में पुलिस ने डबरिया गांव निवासी अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह, चंदन सिंह और रतन राज सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।