चंदौली काली मंदिर हादसा: मजदूर की मौत पर प्रशासन सख्त, जांच के लिए मजिस्ट्रेट कमेटी गठित, परिवार को मिलेगा मुआवजा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: पीडीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्राचीन काली माता मंदिर के पुराने ढांचे को हटाने के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट स्तर की जांच समिति गठित की गई है। साथ ही मृतक के परिजनों को शासन और कार्यदायी संस्था की ओर से नियमानुसार मुआवजा तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मंदिर का विधि-विधान से पहले ही कराया गया था विस्थापन

जिला प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण कार्य से पहले मंदिर समिति की सहमति से 8 जुलाई को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ काली माता की प्रतिमा और मंदिर का विधिवत नए स्थान पर विस्थापन कराया जा चुका था। इसके बाद 10 जुलाई की रात पुराने ढांचे को हटाने का निर्णय लिया गया।

लोक निर्माण विभाग ने बताया कि संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति की सहमति के बाद अनुबंधित कंपनी एप्को (APCO) को पुराने मंदिर का ढांचा हटाने का कार्य सौंपा गया था। पुलिस और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में रात में ध्वस्तीकरण शुरू किया गया।

मलबा गिरने से घायल हुआ मजदूर, अस्पताल में तोड़ा दम

ध्वस्तीकरण के दौरान मंदिर परिसर की बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एप्को कंपनी के मजदूर बलदेव यादव, निवासी ग्राम डांडी (मुगलसराय) संभाल रहे थे। इसी दौरान मंदिर के ऊपरी हिस्से का एक बड़ा भाग अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

सुरक्षा मानकों की होगी जांच, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई

हादसे के बाद प्रशासन ने यह पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच समिति गठित की है कि ध्वस्तीकरण के दौरान कार्यदायी संस्था या ठेकेदार की ओर से सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों को मिलेगा मुआवजा और हर संभव सहायता

जिला प्रशासन ने कहा है कि मृतक के परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता के साथ-साथ अनुबंधित कंपनी एप्को द्वारा भी नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। अन्य आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मौके पर स्थिति सामान्य, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी

प्रशासन के अनुसार, घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार के साथ प्रशासन पूरी संवेदना के साथ खड़ा है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *