Chandauli News: खाद वितरण में गड़बड़ी पर सख्त हुए DM, B-PACS और किसान सेवा केंद्र का किया औचक निरीक्षण

Spread the love & Share it

Chandauli News: खरीफ सीजन में किसानों को यूरिया और डीएपी की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (B-PACS) चंदौली और मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और पीओएस (PoS) मशीन में दर्ज अभिलेखों का गहन सत्यापन किया। साथ ही किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

जिलाधिकारी ने समिति में उपलब्ध खाद के भौतिक स्टॉक का रिकॉर्ड और पीओएस मशीन में दर्ज आंकड़ों से मिलान कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी स्थिति में यूरिया और डीएपी की कमी नहीं होनी चाहिए तथा किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही समयबद्ध तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र पर बिक्री रजिस्टर अपडेट नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल रिकॉर्ड दुरुस्त करने और सभी अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि किसानों को खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ केवल ई-पॉश (PoS) मशीन के माध्यम से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी ओवररेटिंग, कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति और अधिकारियों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने समिति और किसान सेवा केंद्र में आने वाले किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही गोदामों में खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा प्रतिदिन वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को सही समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, एआर कोऑपरेटिव विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *