
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी के दाने से भरे ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 72 पेटी प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की है। अलीनगर थाना पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास संदिग्ध हालत में खड़े ट्रक की तलाशी ली तो मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाई गई 7,200 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध ट्रक की सूचना पर पहुंची पुलिस, तलाशी में खुला राज
पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे अलीनगर पुलिस को सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक ट्रक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
वाहन संख्या UP-74 Y-4726 की प्रारंभिक जांच में ट्रक में केवल मुर्गी का दाना दिखाई दिया, लेकिन पुलिस को शक होने पर गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे अलग से छिपाकर रखी गई 36 बोरियां मिलीं, जिनमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ।
72 पेटियों में मिलीं 7,200 शीशियां
तलाशी के दौरान 18 बोरियों से फेयरडील न्यू ब्रांड की कोडीनयुक्त कफ सिरप की 36 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 100-100 शीशियां थीं, यानी कुल 3,600 शीशियां मिलीं।
इसी तरह अन्य 18 बोरियों से एस्कफ (Escuf) ब्रांड की 36 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें भी 3,600 शीशियां थीं। इस तरह पुलिस ने कुल 72 पेटियों में 7,200 प्रतिबंधित कफ सिरप की शीशियां बरामद कीं।
ड्रग इंस्पेक्टर ने किया परीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर औषधि निरीक्षक चंद्रेश द्विवेदी को बुलाया। उन्होंने बरामद दवाओं की जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि यह उत्तराखंड निर्मित प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इस खेप को आसपास के जिलों में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी थी।
वाहन स्वामी पर मुकदमा, जांच जारी
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर वाहन स्वामी राहुल कुमार, निवासी नासूपुर सजेती, मंडई, फिरोजाबाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।