इंस्टाग्राम देखने को लेकर हुआ झगड़ा, कुछ देर बाद फंदे से लटकी मिली विवाहिता

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी में पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। वहीं, मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

पुलिस के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में रहने वाले राहुल कुमार की पत्नी रोशनी (32) का शव शनिवार देर रात घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

तीन साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद ने करीब तीन वर्ष पहले अपनी बेटी रोशनी की शादी कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार से की थी। दंपति का 11 महीने का एक बेटा भी है।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम देखने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके कुछ समय बाद रोशनी का शव फंदे से लटका मिला।

पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा

मृतका के पिता ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाना प्रभारी निरीक्षक गगन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *