
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली से रिश्तों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति के साथ रहने से इनकार कर अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई। पति ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब पत्नी नहीं मानी तो दोनों की सहमति से तहसील स्थित निबंधक कार्यालय में प्रेमी के साथ उसकी शादी करा दी। इस पूरी घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।
25 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चों का है परिवार
डैना गांव निवासी जीवनाथ राजभर की शादी वर्ष 2001 में महेसुआ (नई बाजार) निवासी सरिता राजभर से हुई थी। दोनों के दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा 17 वर्ष का बताया जा रहा है।
जीवनाथ दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं। उनके अनुसार, अप्रैल महीने में वह परिवार के खर्च के लिए पैसे देकर दिल्ली लौट गए थे। उनका कहना है कि उनके जाने के चार दिन बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। इसके बाद उन्होंने सकलडीहा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे स्टेशन पर मिली पत्नी, लेकिन घर लौटने से कर दिया इनकार
जीवनाथ के मुताबिक मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी पत्नी अपने साथ रहने वाले युवक के साथ सकलडीहा रेलवे स्टेशन आने वाली है। सूचना मिलते ही वह स्टेशन पहुंचे और पत्नी से घर लौटने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पत्नी ने साफ कह दिया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है और पति के साथ वापस नहीं जाएगी।
दोनों की सहमति से तहसील में कराई शादी
पति का कहना है कि पत्नी के फैसले का सम्मान करते हुए उसने दोनों को सकलडीहा तहसील स्थित निबंधक कार्यालय ले जाकर विवाह की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि महिला का प्रेमी अजय गुप्ता गाजीपुर जिले के भदौरा क्षेत्र के सेवराई गांव का रहने वाला है। वह ट्रेनों में मूंगफली बेचने का काम करता है।
ट्रेन में हुई थी मुलाकात, फिर बढ़ीं नजदीकियां
जानकारी के अनुसार, सरिता और अजय की मुलाकात करीब एक साल पहले ट्रेन में हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
महिला ने लगाए पति पर मारपीट के आरोप
दूसरी ओर, सरिता राजभर ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति अक्सर उनके साथ मारपीट करता था और घर खर्च के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं देता था। इसी वजह से उन्होंने पति के साथ न रहने और प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करने का फैसला लिया।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
पति द्वारा स्वयं पत्नी की प्रेमी से शादी कराए जाने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। मामले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस के स्तर पर फिलहाल किसी नई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।