चंदौली में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 50 हजार का इनामी राजू मुसहर घायल, जानिए पूरा मामला

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: सैयदराजा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। सवईया पट्टीदारी गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल बदमाश की पहचान 50 हजार रुपये के इनामी राजू मुसहर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजू पिछले साल दिसंबर में तेंदुहान गांव में हुई डकैती के मामले में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई।

सटीक सूचना पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग

पुलिस को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद सवईया पट्टीदारी गांव के पास पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा।

पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने खुद को घिरा देखकर तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सामने आई बदमाश की पहचान

पुलिस की पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम राजू मुसहर बताया। वह बिहार के भभुआ जिले के नुआव थाना क्षेत्र के सतुपत्ती गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, राजू मुसहर के खिलाफ सैयदराजा, बबुरी और कंदवा थानों के अलावा मिर्जापुर के पड़री और वाराणसी के पांडेयपुर थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

तेंदुहान डकैती कांड में था वांछित

राजू मुसहर पर पिछले साल दिसंबर में तेंदुहान गांव में हुई डकैती के मामले में फरार होने का आरोप है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर डकैती सहित अन्य आपराधिक घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़ में शामिल रही पुलिस टीम

कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा के साथ विरेश कुमार, बृजेश कुमार, शंकर राम और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा शामिल रहे। टीम में अतुल प्रजापति, अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, सतीश पटेल, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव, नीरज कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव और मनोज यादव भी शामिल थे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *