
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election 2025) से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज (Jan Suraj Party) ने गुरुवार को अपने 51 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में गोपालगंज जिले के दो नाम डॉ. शशि शेखर सिन्हा और प्रीति किन्नर खास चर्चा में हैं। दोनों ही उम्मीदवार न केवल अपने-अपने इलाकों में सामाजिक कार्यों और जनसेवा के लिए पहचाने जाते हैं, बल्कि इनकी उम्मीदवारी से गोपालगंज और भोरे सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
कौन हैं भोरे विधानसभा की जनसुराज प्रत्याशी प्रीति किन्नर?
भोरे (सुरक्षित) विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी ने प्रीति किन्नर को उम्मीदवार बनाया है। यह वही सीट है, जहां से फिलहाल बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार विधायक हैं। ऐसे में यह मुकाबला अब त्रिकोणीय और प्रतीकात्मक दोनों बन गया है।
प्रीति किन्नर मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा प्रखंड के खाप गांव की रहने वाली हैं, लेकिन वर्ष 2003 से गोपालगंज के भोरे प्रखंड के कल्याणपुर में रह रही हैं। वे पिछले दो दशकों से गरीबों, दलितों और वंचितों के बीच सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अब तक 27 गरीब लड़कियों की शादियां करवाईं, जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी और सामाजिक न्याय की आवाज बनीं।
प्रीति की पृष्ठभूमि और विवाद
आठवीं पास प्रीति किन्नर का जीविकोपार्जन बधाई गाना और पशुपालन है। हाल के दिनों में उन पर जाति छिपाने का आरोप लगा था, जिसे उन्होंने खारिज करते हुए कहा – ‘मैं समाज की सेवा और जनता की आवाज बनने के लिए राजनीति में आई हूं। मेरा उद्देश्य सिर्फ बदलाव है।’ उनकी गरीब और पिछड़े वर्गों में गहरी पैठ को देखते हुए जानकार मानते हैं कि वे भोरे विधानसभा सीट के चुनावी समीकरणों को बदल सकती हैं।
गोपालगंज सीट से डॉ शशि शेखर सिन्हा मैदान में
जनसुराज पार्टी ने गोपालगंज विधानसभा सीट से डॉ शशि शेखर सिन्हा को टिकट दिया है। वे भूमिहार समाज के प्रमुख चेहरे हैं और अब तक “किंग मेकर” की भूमिका में रहे हैं। पहली बार वे खुद चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। डॉ सिन्हा, गोपालगंज के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राम एकबाल सिंह के पुत्र हैं और पूर्व मंत्री रघुनाथ पांडेय के दामाद तथा अमर पांडेय के बहनोई हैं।
उनकी छवि एक ईमानदार, शिक्षित और संगठित नेतृत्वकर्ता की रही है। भूमिहार समाज में उनकी मजबूत पकड़ के चलते उन्हें भाजपा के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। फिलहाल गोपालगंज सीट से भाजपा की विधायक कुसुम देवी हैं। ऐसे में डॉ सिन्हा की एंट्री से इस सीट पर मुकाबला रोमांचक हो गया है।
जनसुराज की रणनीति: नए चेहरे और सामाजिक संतुलन पर जोर
प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने इस पहली सूची से साफ कर दिया है कि वह सामाजिक संतुलन और नए चेहरों पर भरोसा जता रही है। पार्टी ने युवा, महिलाएं, किन्नर और पिछड़े वर्गों से उम्मीदवार उतारकर एक “जन आधारित राजनीति” की दिशा में कदम बढ़ाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रीति किन्नर और डॉ. शशि शेखर जैसे उम्मीदवार न सिर्फ जनसुराज की छवि मजबूत करेंगे बल्कि बिहार की पारंपरिक राजनीति में नई ऊर्जा लाएंगे।
राजनीतिक समीकरण और असर
भोरे सीट पर मुकाबला अब सुनील कुमार (JDU) बनाम प्रीति किन्नर (Jan Suraj) और संभावित तीसरे उम्मीदवार (RJD या BJP) के बीच होगा। गोपालगंज सीट पर भाजपा बनाम जनसुराज का सीधा संघर्ष दिख सकता है। जनसुराज की रणनीति से अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गों के वोटों में सेंध लगने की संभावना जताई जा रही है।
ALSO READ – चिराग और मांझी की जंग में NDA की एकता हुई भंग, कौन झुकेगा-कौन टेकेगा?