
Chandauli News: पशुधन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने पीडीडीयू नगर तहसील के ग्राम एकौनी में संचालित गौशाला और बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने विकास खंड नियामताबाद के कठौरी गांव स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसान चन्द्र प्रकाश द्वारा संचालित गौशाला की व्यवस्था को देखा, जहां लगभग 200 गायों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने दूध उत्पादन और बिक्री की जानकारी भी ली।
बायोगैस मॉडल की सराहना
गौशाला परिसर में स्थापित बायोगैस प्लांट से करीब 120 घरों में पाइपलाइन के जरिए गैस आपूर्ति की जा रही है। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को लगभग 500 रुपये प्रति माह में गैस उपलब्ध हो रही है, जो सामान्य गैस सिलेंडर की तुलना में काफी सस्ती है।
इस मॉडल को देखकर अपर मुख्य सचिव ने प्रसन्नता जताई और इसे बड़े स्तर पर विस्तार देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य में अधिक लोगों को जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि रोजगार के अवसर भी बढ़ें।
गौ संरक्षण केंद्र पर सख्त निर्देश
कठौरी गांव स्थित गौ संरक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों की देखभाल को लेकर कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पशुओं का जियो टैगिंग कराया जाए और छुट्टा पशुओं को भी पकड़कर गौशाला में रखा जाए।
साथ ही, पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। गर्मी के मौसम को देखते हुए लू से बचाव के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य और देखभाल पर जोर
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि बीमार और कमजोर पशुओं का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से शिविर लगाकर पशुओं की जांच की जाए।
इसके अलावा, पशु आहार, टीकाकरण, जियो टैगिंग और अन्य जरूरी अभिलेखों को सही ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए गए।
नियमित निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग को निर्देश दिया गया कि गौ आश्रय स्थलों के निरीक्षण के लिए एक रोस्टर तैयार किया जाए और अधिकारी तय समय पर निरीक्षण करें। किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गौ संरक्षण को लेकर गंभीर हैं, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
ALSO READ – गेहूं खरीद में गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं! चंदौली DM ने दिए सख्त आदेश
