किसानों के लिए जरूरी खबर: रजिस्ट्री नहीं कराई तो नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

Spread the love & Share it

Chandauli News: जिले में किसानों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। अब बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना मुश्किल हो सकता है। इसको लेकर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में ऐसे कई किसान हैं जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ तो ले रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। यदि समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो भविष्य में इन किसानों को पीएम किसान समेत अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।

सीडीओ ने ग्राम्य विकास, पंचायती राज और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को जागरूक करें और पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हर हाल में सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने बताया कि किसान स्वयं भी “फार्मर रजिस्ट्री सेल्फ ऐप”, सहायक ऐप या जनसेवा केंद्र के जरिए अपनी रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और कृषि विभाग के प्राविधिक सहायकों के माध्यम से यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *