
Chandauli News: चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में रविवार सुबह आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले। इसी दौरान एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे सात लोगों को गोली लग गई।
घायलों में रामदुलार, लखैबर, पंकज, श्यामलाल, मनोज, मदन और अमित कुमार शामिल हैं। सभी को हाथ, पैर और गर्दन के पास चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह बच्चों के बीच हुआ झगड़ा बताया जा रहा है, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।
घायल अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चल रहा था, जो रविवार को अचानक बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने योजना बनाकर हमला किया और फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला आरोपी सुभाष राम, जो पंचायत मित्र है, घटना के बाद फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ALSO READ – दीपिका-रणवीर के घर फिर गूंजेगी किलकारी, बनने वाले हैं दूसरी बार पेरेंट्स
