
Kharge Statement: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से असहमति जताई है। उन्होंने साफ कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है और ऐसे देश के प्रधानमंत्री के बारे में निजी टिप्पणी करने का कोई औचित्य नहीं बनता। उन्होंने कहा, “हम उनकी बात से सहमत नहीं हैं। नरेंद्र मोदी हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं, इसलिए उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करना सही नहीं है।”
नीतियों का विरोध करें, निजी टिप्पणी नहीं
सपा सांसद ने आगे कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का विरोध करना पूरी तरह जायज है, लेकिन व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की छूट नहीं दी जा सकती।
पप्पू यादव के बयान से बनाई दूरी
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर भी अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पप्पू यादव का निजी विचार हो सकता है, लेकिन समाजवादी पार्टी की विचारधारा नारी सम्मान पर आधारित है।
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी उस परंपरा को मानती है जहां नारी की पूजा होती है। पप्पू यादव की विचारधारा क्या है, इस पर हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।”
महिला आरक्षण पर बीजेपी पर साधा निशाना
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ पहले ही सभी दलों की सहमति से पास हो चुका था।
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने महिला आरक्षण की आड़ में जातीय जनगणना और परिसीमन जैसे मुद्दों को लाकर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने इसे एक राजनीतिक चाल करार देते हुए कहा कि इस रणनीति में बीजेपी को सफलता नहीं मिली।
अवधेश प्रसाद ने दोहराया कि महिलाओं से जुड़ा बिल पहले ही पास हो चुका था और हालिया पहल केवल एक “राजनीतिक ड्रामा” है।
ALSO READ – 30 अप्रैल तक करा लें Farmer Registry, वरना रुक सकती है PM किसान की किस्त
