
Chandauli News: चंदौली के नियामताबाद क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बिजली विभाग की टीम जले ट्रांसफार्मर को बदलने पहुंची। ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने कर्मचारियों का घेराव कर काम रुकवा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर पर भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, दलित बस्ती में लगा 25 केवीए ट्रांसफार्मर पांच दिन पहले जल गया था, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया था। कई शिकायतों के बाद जब विभागीय टीम नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंची, तो लोगों को उम्मीद थी कि इस बार अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। लेकिन जैसे ही पता चला कि फिर से 25 केवीए का ही ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
‘हर बार जलता है ट्रांसफार्मर’, 63 KVA की उठी मांग
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि अब बस्ती में उपभोक्ताओं की संख्या काफी बढ़ चुकी है और 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं है। ओवरलोड के कारण यह बार-बार जल जाता है, जिससे उन्हें लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। स्थायी समाधान की मांग करते हुए लोगों ने कम से कम 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी।
महिलाओं ने संभाला मोर्चा, पुलिस पहुंची मौके पर
स्थिति उस समय और गरमा गई जब बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और उन्होंने कर्मचारियों को घेरकर विरोध तेज कर दिया। हालात को देखते हुए डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण
मौके पर पहुंचे अवर अभियंता मुहम्मद शाहिद ने ग्रामीणों को समझाया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव चार महीने पहले ही भेजा जा चुका है और 63 केवीए ट्रांसफार्मर की स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्द ही उच्च क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। काफी देर तक चली बातचीत और हंगामे के बाद ग्रामीण आश्वासन पर शांत हुए।
फिलहाल 25 KVA से बहाल हुई बिजली
विरोध के बावजूद फिलहाल बिजली विभाग ने 25 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी है। हालांकि ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही क्षमता नहीं बढ़ाई गई, तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
